कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने किया मकर संक्रांति के अवसर पर लगने वाले बरमान मेले की गई तैयारियों का निरीक्षण
- bySatendra Mishra
- 11 Jan 2026, 05:07 PM
- 6 Mins
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने किया मकर संक्रांति के अवसर पर लगने वाले बरमान मेले की गई तैयारियों का निरीक्षण
नर्मदा नदी के दोनों घाटों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए किए गए आवश्यक प्रबंध
दोनों घाटों में साफ - सफाई बनाए रखें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर ग्राम पंचायत बरमानखुर्द के ब्रह्माण घाट में बरमान मेले की तैयारी को लेकर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने बरमान कलां और बरमान खुर्द में नर्मदा नदी के घाटों का निरीक्षण रविवार को किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, एसडीएम गाडरवारा श्रीमती कलावती व्यारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बरमानकलां में किए जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बरमान कलां और बरमान खुर्द में दुकानदारों व नागरिकों से साफ - सफाई बनाए रखने के लिए कहा। कलेक्टर ने बरमान मेले में लगने वाली दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां दुकानदारों से कहा कि अपनी दुकान आवंटित जगह पर ही लगाएं और दुकान की सामग्री को दुकान के अंदर ही रखें, जिससे आने - जाने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। दुकानदार अपनी दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमनयंत्र भी रखें। इन निर्देशों का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित दुकानदार पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकान नर्मदा नदी के घाट के किनारे नहीं लगाएं। जो दुकानदार घाट के नजदीक अपनी दुकान लगाए हैं, वे घाट से निर्धारित दूरी पर ही लगाएं, जिससे स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी श्रद्धालुओं और दुकानदारों से कहा कि नर्मदा नदी में और घाटों में गंदगी न फैलाएं। यदि कोई श्रद्धालु गंदगी करता है तो दुकानदार उसे रोके व टोंके। रेत घाट में कुछ श्रद्धालु गाकड़ - बाटी व अन्य प्रसादी बनाते नजर आए। इस पर कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से कहा कि खाने और बनाने के लिए स्थल निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कहा कि निर्धारित स्थल पर ही भंडारा आदि करें। भंडारे के दौरान प्लास्टिक के स्थान पर पत्तों के दोना - पत्तल का ही उपयोग करें।
इसके अलावा कलेक्टर ने नर्मदा नदी के दोनों घाटों में सुरक्षा की दृष्टि से किए गए कार्यों का भी निरीक्षण किया। रेत घाट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए पिलरों का भी निरीक्षण किया। इन पिलरों में चैन और जालियां भी लगाई गई है, जिससे कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में न जाए और किसी भी तरह की दुर्घटना न हो। इसके अलावा बरमान कलां में सीढ़ी घाट में भी सुरक्षा की दृष्टि से गहराई में जाने से रोकने के लिए सांकेतिक लाल निशान के बॉल्स भी लगाए गए हैं।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रेक्टर की ट्राली रेत व एक ट्रेक्टर ट्राली गिट्टी जब्त
- 04 February, 2026
- 2 Mins
