एनसीसीएफ जांच टीम पहुंचते ही गाडरवारा वेयरहाउस में मचा हड़कंप, गेटों पर लगे ताले कमर्शियल चना, मसूर और तुअर खरीदी में कथित अनियमितताओं की जांच जारी, मीडिया को प्रवेश नहीं मिलने से उठे सवाल f
- bySatendra Mishra
- 05 Jun 2026, 05:04 PM
- 4 Mins
एनसीसीएफ जांच टीम पहुंचते ही गाडरवारा वेयरहाउस में मचा हड़कंप, गेटों पर लगे ताले
कमर्शियल चना, मसूर और तुअर खरीदी में कथित अनियमितताओं की जांच जारी, मीडिया को प्रवेश नहीं मिलने से उठे सवाल
गाडरवारा। मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन शाखा गाडरवारा में गुरुवार को उस समय हड़कंप की स्थिति बन गई जब एनसीसीएफ (नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन) इंदौर शाखा की जांच टीम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंची। जांच टीम के पहुंचने के कुछ ही समय बाद परिसर के मुख्य एवं अन्य प्रवेश द्वारों पर ताले लगाए जाने और मीडिया प्रतिनिधियों को अंदर प्रवेश नहीं दिए जाने की सूचना सामने आई, जिससे पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार वेयरहाउस में संचालित कमर्शियल चना, मसूर एवं तुअर खरीदी से संबंधित कथित अनियमितताओं, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों तथा शाखा प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर जांच की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि खरीदी प्रक्रिया और स्टॉक की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद एनसीसीएफ की टीम गाडरवारा पहुंची।
स्थानीय लोगों और मीडिया प्रतिनिधियों का कहना है कि जांच के दौरान परिसर के गेट बंद कर दिए गए और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इस कदम के बाद पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप संचालित हुई हैं तो जांच को सार्वजनिक निगरानी से दूर रखने की आवश्यकता क्यों पड़ी।
हालांकि संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं जांच टीम द्वारा दस्तावेजों, खरीदी रिकॉर्ड तथा गुणवत्ता संबंधी पहलुओं की गहन पड़ताल किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
फिलहाल जांच जारी है और वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्र के किसानों और आम नागरिकों की नजर अब जांच के निष्कर्षों पर टिकी हुई है।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
गाडरवारा पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलमबंद आंदोलन: पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
- 04 August, 2026
- 3 Mins
