बरमान घाट में दर्दनाक हादसा: नर्मदा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत
- bySatendra Mishra
- 05 Mar 2026, 06:40 AM
- 3 Mins
बरमान घाट में दर्दनाक हादसा: नर्मदा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत, सिंधी कॉलोनी में शोक
नरसिंहपुर। जिले के बरमान घाट स्थित मां नर्मदा नदी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर लगभग 2 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद सिंधी कॉलोनी, नरसिंहपुर सहित पूरे स्टेशन गंज क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी कृष्णा वार्ड निवासी संभव हरियानी (24) पिता कैलाश हरियानी एवं सौरभ चावला (25) पिता अनिल चावला ‘अन्नू’ अपने दो अन्य मित्रों के साथ बरमान रेत घाट पर नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
नहाते समय दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद घाट के नाविकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना के बाद दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। इस हृदयविदारक घटना से सिंधी कॉलोनी सहित पूरे नरसिंहपुर शहर में शोक की लहर व्याप्त है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
