Follow Us:

गाडरवारा में खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल, चाट में मरी मक्खी मिलने से हड़कंप शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है,

1000663824

गाडरवारा में खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल, चाट में मरी मक्खी मिलने से हड़कंप

गाडरवारा, नरसिंहपुर। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय चाट भंडार से पार्सल कराई गई चाट में मरी हुई मक्खी मिलने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। 40 रुपए प्रति प्लेट कीमत लेने के बावजूद गुणवत्ता और स्वच्छता का अभाव साफ नजर आया, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।

इधर, शहर की कई मिठाई दुकानों पर बिना निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट के मिठाइयों की खुलेआम बिक्री हो रही है। आरोप है कि कुछ दुकानों पर एक्सपायरी मिठाइयां भी बेची जा रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ग्राहकों को यह तक जानकारी नहीं मिल पा रही कि वे ताजा सामग्री खरीद रहे हैं या पुरानी।

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब शहर के चाय-नाश्ता ठेले और चौपाटी संचालकों द्वारा समोसा, चाट, फुलकी जैसे खाद्य पदार्थ खुले में रखकर बेचे जा रहे हैं, जिन पर मक्खियां भिनभिनाती रहती हैं और साफ-सफाई के कोई इंतजाम नहीं दिखते।

इन घटनाओं के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित जांच और सख्त कार्रवाई के अभाव में दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में विशेष जांच अभियान चलाकर दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही बड़े जनस्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।